भदोही
एसपी अभिनव त्यागी ने शुक्रवार परेड का किया निरीक्षण
अनुशासन और संसाधनों की परखी तैयारियां
यूपी-112 वाहनों, सरकारी गाड़ियों और ड्रोन कैमरों की जांच, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
भदोही। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन ज्ञानपुर में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी लेकर पुलिस बल की अनुशासन, एकरूपता और कार्यकुशलता का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टोलीवार ड्रिल का अवलोकन करते हुए पुलिसकर्मियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने यूपी-112 की गाड़ियों, विभिन्न राजकीय वाहनों तथा सुरक्षा एवं निगरानी में प्रयुक्त ड्रोन कैमरों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की स्थिति, उपकरणों की कार्यशीलता, साफ-सफाई और रखरखाव का जायजा लेते हुए संबंधित प्रभारियों को सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित कार्यालयों के महत्वपूर्ण रजिस्टरों एवं अभिलेखों के रख-रखाव का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी अभिनव त्यागी ने कहा कि राजकीय संसाधनों और उपकरणों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
