Connect with us

बलिया

चार अगस्त को लगेगा दिव्यांगजन मोबाइल कोर्ट

Published

on

Loading...
Loading...

मौके पर होगा समस्याओं का निस्तारण

विकास भवन सभागार में प्रमाण पत्र, पेंशन व सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों का होगा समाधान

बलिया। दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के साथ उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए 4 अगस्त 2026 को विकास भवन सभागार, बलिया में ‘दिव्यांगजन मोबाइल कोर्ट’ का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से शुरू होगा।

राज्य आयुक्त दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश के दिशा-निर्देश पर आयोजित होने वाले इस मोबाइल कोर्ट का उद्देश्य दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के प्रावधानों के तहत दिव्यांगजनों के अधिकारों की रक्षा करना और विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।

जिला प्रशासन के अनुसार, मोबाइल कोर्ट में दिव्यांगता प्रमाण पत्र से संबंधित मामलों के साथ पेंशन एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने और प्रशासनिक शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था रहेगी। संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर प्राप्त प्रकरणों के समाधान की कार्रवाई करेंगे।

Advertisement

प्रशासन ने जनपद के अधिक से अधिक दिव्यांगजनों से मोबाइल कोर्ट में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की है। लाभार्थियों को अपने साथ दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड अथवा अन्य पहचान पत्र तथा अपनी समस्या या शिकायत से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर आने को कहा गया है।

अधिकारियों के मुताबिक आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रहने से संबंधित मामलों की जांच एवं निस्तारण में आसानी होगी और पात्र दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जा सकेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page