भदोही
इलेक्ट्रिक वाहन की खराबी से परेशान युवक पानी की टंकी पर चढ़ा, पुलिस ने सुरक्षित उतारा
बैटरी खराब होने और कंपनी पर सुनवाई न करने का आरोप, पांच माह से एजेंसी में खड़ी है गाड़ी
समझाइश के बाद टला हादसा, परिजनों ने वाहन की समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की
गोपीगंज (भदोही)। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के नथईपुर गांव में रविवार को इलेक्ट्रिक वाहन की खराबी से परेशान एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया।
बैटरी खराब होने का लगाया आरोप
नथईपुर निवासी धीरज पांडेय (30) ने कुछ समय पहले बजाज ऑटो की एक इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदी थी। परिजनों के अनुसार, खरीदारी के कुछ समय बाद ही वाहन की बैटरी बार-बार खराब होने लगी। उनका आरोप है कि कई बार एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका, जिससे परेशान होकर धीरज पानी की टंकी पर चढ़ गए।
पांच माह से एजेंसी में खड़ी है गाड़ी
धीरज के भाई पंकज पांडेय ने बताया कि उनका भाई वाराणसी में वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। वाहन में खराबी आने के बाद उसे बार-बार वाराणसी से एजेंसी तक आना-जाना पड़ रहा है, जिससे समय और आर्थिक नुकसान दोनों हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी न तो वाहन बदल रही है और न ही बैटरी की समस्या का स्थायी समाधान कर रही है।
परिजनों के मुताबिक वाहन रागिनी पांडेय के नाम पंजीकृत है और पिछले करीब पांच माह से एजेंसी में ही खड़ा है। वाहन की मासिक किस्त लगभग ₹11,800 है, जिसे वाहन उपयोग में न होने के बावजूद चुकाना पड़ रहा है।
पुलिस ने संभाली स्थिति
सूचना पर पहुंची गोपीगंज पुलिस ने युवक को शांत कराया और सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस के अनुसार स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
समाधान की मांग
परिजनों ने संबंधित कंपनी से वाहन की तकनीकी समस्या का शीघ्र समाधान करने तथा उचित कार्रवाई की मांग की है।
