वायरल
अराजक तत्वों ने खंडित की अम्बेडकर की मूर्ति, पुलिस बल तैनात
संतकबीरनगर। जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के मैनतापुर गांव में अराजक तत्वों ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति खंडित कर झाड़ियों में फेंक दी। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। मैनतापुर गांव निवासी गंगाराम पुत्र अलगू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के बौद्ध विहार में स्थापित बाबा भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति को रात में अज्ञात लोगों ने खंडित कर झाड़ियों में फेंक दिया था। सुबह ग्रामीणों ने खंडित मूर्ति देखी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।

ग्राम प्रधान शरवन यादव सहित अन्य ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष बेलहर अनिल कुमार ने कहा कि घटना में शामिल अराजक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा और उनकी पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। गांव में अभी भी तनाव बना हुआ है।
