वायरल
सीढ़ियों से गिरने के बाद बिगड़ी दरोगा की तबीयत, इलाज के दौरान निधन
बस्ती। जिले के नगर थाने में तैनात दरोगा व्यास राय की सीढ़ियों से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना बीती शाम करीब 6 बजे की है, जब वे अपने आवास की सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से उनका पैर फिसल गया और वे जोर से नीचे गिर पड़े, जिसके बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।
साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें सीएचसी मरवटिया पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दरोगा व्यास राय पिछले कई महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे तथा 25 नवंबर को ही अपने घर से लौटे थे।
अचानक हुई इस दुखद घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलते ही सीओ प्रदीप कुमार त्रिपाठी व एडिशनल एसपी श्यामकांत अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
