मिर्ज़ापुर
अतिक्रमण और ट्रैफिक अव्यवस्था पर एसपी का सख्त रुख
मीरजापुर। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने गुरुवार को भारी पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में पैदल गश्त और भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के साथ व्यापारियों से संवाद भी स्थापित किया।

पैदल गश्त की शुरुआत थाना कोतवाली कटरा क्षेत्र के मुकेरी बाजार से हुई, जो गणेशगंज, लालडिग्गी, इमामबाड़ा, महन्त शिवाला और जाह्नवी तिराहा होते हुए शास्त्री ब्रिज पर जाकर समाप्त हुई। भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए व्यापारियों को निर्देशित किया। गश्त के दौरान शहर के ट्रैफिक कंजेशन प्वाइंट्स का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया।

बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग भी कराई गई।

दोषपूर्ण नंबर प्लेट लगे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी यातायात/लाइन, थानाध्यक्ष कोतवाली शहर, थानाध्यक्ष कोतवाली कटरा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, रिक्रूट आरक्षी और यातायात पुलिस बल मौजूद रहा।
