मिर्ज़ापुर
थाना दिवस में नहीं सुनी गई कई शिकायतें, तहसीलदार के जल्दी जाने की चर्चा
मिर्जापुर। राजगढ़ थाने पर शनिवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही। तहसीलदार आशीष पांडेय तथा थाना प्रभारी नगेन्द्र राय की उपस्थिति में आयोजित थाना दिवस के दौरान एक मामले की सुनवाई की गई।
थाना दिवस में पहुंचे कई फरियादियों ने आरोप लगाया कि निर्धारित समय से पहले ही तहसीलदार वहां से चले गए, जिसके कारण उनकी शिकायतों की सुनवाई नहीं हो सकी। फरियादियों का कहना था कि उन्हें सूचना मिली थी कि तहसीलदार की अध्यक्षता में थाना दिवस आयोजित होगा, इसलिए वे राजस्व से जुड़े लंबित मामलों के निस्तारण की उम्मीद लेकर पहुंचे थे।फरियादियों के अनुसार, कार्यक्रम का निर्धारित समय दोपहर 2 बजे तक था, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही तहसीलदार जा चुके थे। उन्होंने बताया कि राजस्व निरीक्षक से कई बार शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई थी, इसलिए वे बड़ी उम्मीद के साथ तहसीलदार से मिलने आए थे, लेकिन बिना सुनवाई के ही वापस लौटना पड़ा।इस मामले में उपजिलाधिकारी मड़िहान अनेग सिंह ने कहा कि संभवतः किसी इमरजेंसी या लॉ एंड ऑर्डर से जुड़े निर्देश के कारण तहसीलदार को समय से पहले जाना पड़ा होगा।
