वाराणसी
MGKVP : फीस नहीं जमा करने वाले 33 कॉलेजों पर शिकंजा, छात्रों के एडमिट कार्ड पर संकट
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ प्रशासन ने सत्र 2025-26 के परीक्षा शुल्क की बकाया राशि को लेकर संबद्ध 33 महाविद्यालयों के प्रति सख्त रुख अपनाया है। विश्वविद्यालय की ओर से वाराणसी और चंदौली जिले के 33 संबद्ध कॉलेजों को पत्र भेजकर तीन कार्यदिवस के भीतर बकाया शुल्क जमा करने का निर्देश दिया गया है।
निर्धारित अवधि में भुगतान न होने की स्थिति में मई के अंतिम सप्ताह से प्रस्तावित दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाओं में इन कॉलेजों के 3,419 छात्र शामिल नहीं हो सकेंगे। पूरा मामला पिछले सेमेस्टर की फीस जमा न होने से जुड़ा है। यूजी, पीजी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के छात्रों की प्रथम सेमेस्टर की फीस समर्थ पोर्टल के माध्यम से जमा होनी थी, लेकिन उस समय पोर्टल पर शुल्क जमा करने की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
तकनीकी समस्या को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए छात्रों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो, इसके लिए उन्हें प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी थी। छात्रों के प्रवेश पत्र जारी किए गए और उन्होंने परीक्षा भी दी, लेकिन संबंधित महाविद्यालयों की ओर से आरटीजीएस के माध्यम से परीक्षा शुल्क अब तक विश्वविद्यालय खाते में जमा नहीं कराया गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, इन 33 कॉलेजों पर कुल 33.64 लाख रुपये परीक्षा शुल्क बकाया है। फिलहाल दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए परीक्षा फार्म भरे जा रहे हैं। बीएड और एमपीएड समेत कई पाठ्यक्रमों के फार्म भरे जा चुके हैं, जबकि कुछ पाठ्यक्रमों की पेडशीट अभी जारी नहीं हुई है।
इसी दौरान मई के अंतिम सप्ताह से दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि तीन दिनों के भीतर एक वर्ष का बकाया सेमेस्टर शुल्क जमा नहीं किया गया, तो आगामी परीक्षाओं के प्रवेश पत्र किसी भी स्थिति में जारी नहीं किए जाएंगे। यदि छात्र परीक्षा से वंचित होते हैं, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित महाविद्यालय प्रबंधन की होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले में किसी प्रकार की ढील देने से इनकार किया है।
