Connect with us

चन्दौली

रेलवे कर्मचारियों ने निजीकरण और आउटसोर्सिंग के खिलाफ उठायी आवाज

Published

on

Loading...
Loading...

पीडीडीयू नगर (चंदौली)। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (AIRF), नई दिल्ली के आह्वान और चेन्नई में 27-28 जनवरी को हुई वर्किंग कमेटी की बैठक में लिए गए निर्णयों के तहत, ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ECRKU), प्लांट डिपो शाखा के नेतृत्व में मुख्य कारखाना प्रबंधक कार्यालय प्रांगण में विशाल प्रदर्शन आयोजित किया गया।

रेलवे प्रशासन और सरकार की नीतियों के विरोध में सैकड़ों रेल कर्मचारियों ने भाग लिया। सबसे पहले कर्मचारी प्लांट डिपो इंजीनियरिंग कारखाना के मुख्य गेट पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में मुख्य कारखाना प्रबंधक कार्यालय परिसर पहुंचे, जहां प्रदर्शन सभा में तब्दील हो गया।

सभा की अध्यक्षता शाखा के कार्यकारी अध्यक्ष अरुण कुमार उपाध्याय ने की। उन्होंने कहा कि एआईआरएफ के महामंत्री कॉमरेड शिव गोपाल मिश्रा के वादे के अनुसार, पे कमीशन का गठन किया गया। उन्होंने कैडर रिस्ट्रक्चरिंग को तुरंत लागू करने की मांग की, जिससे रेल कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिल सके।

केंद्रीय सहायक महामंत्री बी.बी. पासवान ने अपने संबोधन में रेलवे के निजीकरण पर चिंता जताते हुए इसे जनता और कर्मचारियों के लिए घातक बताया। उन्होंने कहा कि रेलवे में लाखों पद रिक्त हैं, जिससे मौजूदा कर्मचारियों पर काम का अत्यधिक दबाव बढ़ रहा है। साथ ही, उन्होंने युवा कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे रेलवे को बचाने के लिए संघर्ष के लिए तैयार रहें।

शाखा मंत्री सुल्तान अहमद ने प्लांट डिपो और ट्रैक मशीन कार्यों के आउटसोर्सिंग पर कड़ा विरोध जताया और इसे रेल कर्मचारियों के लिए नुकसानदायक बताया। उन्होंने प्रशासन द्वारा कार्य घंटों को 45 से बढ़ाकर 48 करने के फैसले पर नाराजगी जताई और इसे तुरंत वापस लेने की मांग की।

Advertisement

रामजी यादव ने रेलवे कॉलोनियों की जर्जर स्थिति को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि असुरक्षित आवासों को गिरा दिया गया, लेकिन नए आवासों का निर्माण नहीं हुआ। मरम्मत के अभाव में मौजूदा आवासों की स्थिति बेहद खराब हो गई है। हेल्थ यूनिट में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति और ड्रेसर की नियुक्ति की भी मांग उठाई गई।

सभा के अंत में बी.बी. पासवान ने कर्मचारियों की प्रमुख मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्य कारखाना प्रबंधक के प्रतिनिधि वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी राजीव कुमार सिंह को सौंपा। अधिकारी ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और समाधान के प्रयास किए जाएंगे।

इस प्रदर्शन में सहायक महामंत्री बी.बी. पासवान, सुल्तान अहमद, ए.के. उपाध्याय, रामजी यादव, केदारनाथ तिवारी, मोहन राम, दिनेश कुमार सिंह, जीत बहादुर थापा, संजय कुमार, कृष्णा साह, महेश कुमार, राकेश कुमार सिंह, ऋषिकेश यादव, करमजीत प्रसाद, संजय कुमार शर्मा, मुकेश पासवान, रवि रंजन सिंह, कृष्णकांत पाल और असलम आरजू समेत कई प्रमुख कर्मचारी नेता उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page