चन्दौली
ओम जी ब्रदर्स कैनवास बाल क्रिकेट प्रतियोगिता संपन्न, मुगलसराय युवा ट्यूटोरियल बना विजेता
सकलडीहा (चंदौली)। ओम जी ब्रदर्स कैनवास बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ, जिसमें मुगलसराय युवा ट्यूटोरियल ने फाइनल मुकाबले में दुर्गापुर स्पोर्टिंग क्लब को 14 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया।
सकलडीहा इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित इस 15 दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से टीमों ने भाग लिया। फाइनल मैच में मुगलसराय की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 146 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में दुर्गापुर स्पोर्टिंग क्लब ने शानदार संघर्ष किया, लेकिन 12 ओवर में 132 रन ही बना सकी, जिससे मुगलसराय युवा ट्यूटोरियल विजेता बन गई।
फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों के जबरदस्त चौकों-छक्कों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं खेल आयोजक कृष्णा सेठ, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रमेश राम और प्रतिक्षा हॉस्पिटल एमडी डॉ. अश्वनी कुमार ने विजेता टीम को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्णा सेठ ने कहा कि खेल अनुशासन से ही देश को विश्व गुरु बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की भरमार है और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए वे हरसंभव मदद करेंगे।
खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए विशेष इनामों की घोषणा की गई—हैट्रिक छक्का लगाने पर ₹1000, दर्शकों द्वारा कैच पकड़े जाने पर 700 और हर छक्के पर 51 का पुरस्कार दिया गया।
इस मौके पर प्रतिक्षा हॉस्पिटल के एमडी डॉ. अश्वनी कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए उनके अस्पताल में मुफ्त इलाज और चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
टूर्नामेंट के आयोजक सूरज राय, रितेश राय, शनी राय, आनंद पांडेय, के.के. मिश्रा सहित सैकड़ों दर्शकों की मौजूदगी में यह रोमांचक टूर्नामेंट संपन्न हुआ।
