वाराणसी
कामायनी एक्सप्रेस रद्द, यात्रियों को भारी परेशानी
वाराणसी। बलिया से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाली 11072 कामायनी एक्सप्रेस शुक्रवार को फेफना-औड़िहार के बीच रद्द रही जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गाजीपुर स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव नहीं हुआ और यात्रियों को इसकी जानकारी अंतिम समय पर मिली।
खास बात यह रही कि आईआरसीटीसी एप से एक यात्री की गाजीपुर से करंट बुकिंग हो गई लेकिन बाद में उसे पता चला कि ट्रेन वहां नहीं रुकेगी। इस स्थिति में यात्री को निजी साधन से औड़िहार पहुंचकर ट्रेन पकड़नी पड़ी।
एक यात्री शरद पांडेय ने शिकायत की कि गाजीपुर स्टेशन पर ट्रेन रद्द होने की सूचना एसएमएस के माध्यम से नहीं दी गई। कई यात्री स्टेशन पर इंतजार करते रहे और बाद में किसी तरह औड़िहार पहुंचकर ट्रेन में सवार हुए।
इसके अलावा मुंबई की ओर जाने वाली कुछ ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। जंघई-फाफामऊ खंड पर दोहरीकरण कार्य के कारण यह बदलाव 4 जनवरी तक लागू रहेगा।
कुछ ट्रेनें निरस्त भी की गई हैं। छपरा-औड़िहार खंड में पावर ब्लॉक के चलते गाजीपुर सिटी-दिलदार नगर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन भी शुक्रवार को नहीं चली।
