Connect with us

वाराणसी

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Published

on

Loading...
Loading...

रामनगर (वाराणसी)। नगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मेश्वर नाथ शर्मा और पूर्व पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को एक शोकसभा का आयोजन किया गया, जिसमें भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की गई। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

शोकसभा में वरिष्ठ कांग्रेसजनो ने कहा कि सादगी और परिश्रम के प्रतीक डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से देश को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने देश को आर्थिक सुधार और समृद्धि की दिशा में नई राह दिखाई। डॉ. मनमोहन सिंह एक महान अर्थशास्त्री थे, जिन्होंने 10 वर्षों तक प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए अनेक महत्वपूर्ण आर्थिक सुधार लागू किए और संपूर्ण देश के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया।

वक्ताओं ने कहा कि उनकी प्रमुख उपलब्धियों में जन सूचना अधिकार कानून को लागू करना था, जो कि भारतीय लोकतंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में मील का पत्थर साबित हुआ। डॉ. मनमोहन सिंह अपने अंतिम प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह स्पष्ट कर गए थे कि पद पर बने रहने या न रहने के बावजूद उनके योगदान का मूल्यांकन इतिहासकार, बुद्धिजीवी वर्ग और समाज के अन्य लोग करेंगे।

शोकसभा में प्रमुख रूप से नगर पालिका परिषद की पूर्व अध्यक्ष  रेखा शर्मा, नगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मेश्वर नाथ शर्मा, नूरुल शेख, रविकांत मिश्रा उर्फ बिनू सिंह, रविशंकर चौबे, जुम्मन खान, अजय रावत, डॉ. मुनीर नज़्म सिद्धिकी, रईस अहमद, फारूक, ओमप्रकाश यादव, नंदलाल सेठ, मोती लाल, आकिल मिर्जा उर्फ लड्डू, विकास राज विक्की, विकास गुप्ता, गोपाल साहू, पप्पू खान, पूर्व सभासद रामजी गुप्ता, पूर्व सभासद लालजी कन्नौजिया और कृष्ण मुरारी लाल सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

इस शोकसभा में सभी ने डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को याद कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page