वाराणसी
ज्ञानवापी एएसआई सर्वे : 18 दिसंबर को होगी सुनवाई
प्रयागराज/वाराणसी। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ज्ञानवापी के वजूखाने के एएसआई सर्वे को लेकर दाखिल पुनरीक्षण अर्जी पर सुनवाई के लिए 18 दिसंबर की तिथि तय की है। न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल की पीठ राखी सिंह की पुनरीक्षण अर्जी पर सुनवाई कर रही है। मंगलवार को हिंदू पक्ष के अधिवक्ता सौरभ तिवारी और मुस्लिम पक्ष के अधिवक्ता एसएफए नकवी ने अदालत को बताया कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दाखिल की गई है जिसकी सुनवाई 17 दिसंबर को होगी।
राखी सिंह ने वजूखाने के एएसआई सर्वे की मांग करते हुए वाराणसी जिला जज के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में पुनरीक्षण याचिका दायर की है।
इसके अलावा श्रृंगार गौरी केस की अन्य चार वादी लक्ष्मी देवी, सीता साहू, मंजू व्यास और रेखा पाठक ने वजूखाना क्षेत्र के एएसआई सर्वे के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। सुप्रीम कोर्ट ने इस पर 22 नवंबर को मस्जिद पक्ष को नोटिस जारी किया था।
