वाराणसी
कोहरे के कारण रेल यात्रियों की बढ़ी समस्या
कई ट्रेनें हुई लेट
वाराणसी में कोहरे के कारण रेल यात्रियों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। कैंट, बनारस, वाराणसी सिटी और काशी स्टेशनों से गुजरने वाली कई ट्रेनें मंगलवार को देरी से चलीं। हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस 8 घंटे 15 मिनट, जम्मूतवी-हावड़ा हिमगिरि एक्सप्रेस 6 घंटे, गोरखपुर-दादर सेंट्रल स्पेशल 5 घंटे और आनंद विहार टर्मिनल-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस 3 घंटे 30 मिनट की देरी से पहुंचीं।
वहीं, धनबाद-जम्मूतवी स्पेशल, दादर-बलिया और देहरादून-हावड़ा कुंभ एक्सप्रेस भी करीब 2-3 घंटे की देरी से चलीं।
कैंट स्टेशन पर शाम को अचानक यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। डोमरी में शिव महापुराण कथा समापन के बाद श्रद्धालुओं का बड़ा समूह स्टेशन पहुंचा जिससे सर्कुलेटिंग एरिया यात्री हाल और प्लेटफॉर्म पर भीड़ उमड़ पड़ी।
आरपीएफ और जीआरपी ने स्थिति संभालने के लिए नियंत्रण कक्ष से लगातार निगरानी की और यात्रियों को व्यवस्थित किया।रेलवे बोर्ड ने वाराणसी-अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस की ट्रेन संख्या और समय में बदलाव किया है। यह ट्रेन 4 जनवरी 2025 से नई संख्या 20963/20964 के तहत चलेगी।
इसका संचालन हर शनिवार होगा, और अहमदाबाद से यह अब रात 10:55 बजे रवाना होगी जो पहले 10 बजे होती थी।
