पूर्वांचल
युवाओं ने लिया स्वच्छता का संकल्प
गंगा स्वच्छता के लिए जिला गंगा समिति का हुआ आयोजन
गाजीपुर। गंगा उत्सव अभियान के तहत जिला गंगा समिति ने अलावलपुर के आर.एन. इंटरनेशनल स्कूल में ‘गंगा गाथा’ और गोष्ठी का आयोजन किया। मुख्य अतिथि, मा. पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर के प्रतिनिधि सुरेश राजभर ने कहा कि माँ गंगा न केवल जीवनदायिनी हैं, बल्कि मोक्षदायिनी भी हैं। उन्होंने कहा कि गंगा और इसकी सहायक नदियों को स्वच्छ बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सरकार के साथ मिलकर प्रयास करना चाहिए।

जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे, बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि गंगा मात्र एक नदी नहीं, बल्कि भारत की जीवनरेखा है और इसे स्वच्छ व निर्मल बनाए रखना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। गोष्ठी में उपस्थित युवाओं ने भी गंगा संरक्षण पर अपने विचार साझा किए और गंगा स्वच्छता की शपथ ली। इसके बाद सभी ने मिलकर एक पदयात्रा भी निकाली।


कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ओमकार नाथ राय, प्रवक्ता एवं विभाग प्रचारक विहिप ने कहा कि गंगा का जल हम सभी के लिए आस्था का प्रतीक है। इस अवसर पर शिव कुमार यादव मामा, अनिल कुमार राय, संतोष यादव, शिव कुमार राजभर, अजय समेत अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
