वाराणसी
इलाज में लापरवाही का आरोप, परिजनों ने किया हंगामा
वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र के खोवा गली में जर्जर भवन गिरने से घायलों का इलाज मंडलीय अस्पताल कबीर चौरा में चल रहा है। जहां पर बुधवार को परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि यहां के इलाज से हम संतुष्ट नहीं है लिहाजा अपने मरीज को ले जाना चाहते हैं। इस दौरान एसीपी दशाश्वमेध प्रज्ञा पाठक समेत कई पुलिसकर्मी भी वहां पहुंच गए।
परिजनों ने बहसबाजी करते हुए डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ पर सही तरीके से इलाज न करने का आरोप भी लगाया और कहा कि, डॉक्टर न तो हमारे मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर रहे है और न ही ढंग के डॉक्टर से इलाज करा रहे है। सिटी स्कैन और एक्सरे जांच हो गई है। रिपोर्ट आई, लेकिन यह नहीं बताया गया फ्रैक्चर है या नहीं। परिजनों का कहना था कि भर्ती हुए 32 घंटे से ज्यादा हो गया, कहां फ्रैक्चर है और कहां चोट लगी है। इसका जवाब डॉक्टर नहीं दे पा रहे हैं।
वहीं इस मामले में अस्पताल के एम एस डॉ. मुकुन्द श्रीवास्तव ने बताया कि सभी मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। किसी भी मरीज का फ्रैक्चर नहीं निकला है। साथ ही सभी का इलाज अस्पताल में किया जा रहा है।
