अपराध
अन्तर्राज्यीय शातिर अपराधी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार
रिपोर्ट – शुभम कुमार सिंह
वाराणसी। जनपद की कैंट पुलिस ने एक अन्तर्राज्यीय शातिर अभियुक्त सुरेन्द्र जायसवाल उर्फ सुरेन्द्र तिवारी को देसी तमंचा और कारतूस के साथ मंशा नगर मंदिर, अनौला टकटकपुर के पास से हल्की मुठभेड़ के दौरान सोमवार की दोपहर में गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से केटीएम आरसी मोटरसाईकिल, 3 मोबाईल और 1200 रुपये नगद बरामद किया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को पुलिस उपायुक्त वरूणा जोन चंद्रकांत मीणा ने 25 हजार नगद राशि से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
पुलिस उपायुक्त वरूणा जोन ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि, गिरफ्तार हुए आरोपी का नाम सुरेन्द्र जायसवाल उर्फ सुरेन्द्र तिवारी है और वह गोरखपुर जिला के खानीपुर, जैतपुर गांव का रहने वाला है। वह एक शातिर अन्तर्राज्यीय अपराधी है जिसके ऊपर पूर्व में गम्भीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं जो चोरी, चैन स्नैचिंग, लूट, नशीले पदार्थो की तस्करी, टप्पेबाजी आदि अपराध करने का अभ्यस्त अपराधी है तथा पूर्व में पुलिस द्वारा पकड़े जाने पर अनेकों बार जेल भी जा चुका है।
अभियुक्त वाराणसी में वृद्ध और सम्पन्न महिलाओं को निशाना बनाकर अपनी बातों फंसाकर पहले उनके घर के किसी सदस्य का करीबी होने की बात कहता और खुद को गहना व्यापारी बताते हुए उन्हे विश्वास में लेकर उनके गहने उतरवा लेता था। सही समय देखकर उन्हें रास्ते में गुमराह कर खुद भाग जाता था।
अभियुक्त के कब्जे से 1 तमंचा 315 बोर, 1 खोखा कारतूस 315 बोर, पीली धातु के 4 चैन, 1 कंगन, 1 अंगूठी, 2 टप्स, 1 लाकेट बरामद हुआ है। इसके अलावा 1 केटीएम आरसी मोटरसाइकिल, 2 मोबाईल फोन, और 1200 रूपये नगद बरामद हुआ है। गिरफ्तारी व बरामदगी के सम्बन्ध में थाना कैण्ट पुलिस द्वारा अग्रेतर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
वहीं पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर अभियुक्त सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि, मैं अलग-अलग क्षेत्र से टप्पेबाजी करता हूं और उसे बेचकर पैसे ले लेता हूं। लेकिन मुझे ध्यान नहीं रहता मैंने कहां से क्या चोरी किया है। मैं हमेशा लखनऊ, बाराबंकी, बस्ती, बहराईच, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, पटना आदि हर जगह जाकर लूट व टप्पेबाजी करता रहता हूँ तथा कई बार पकड़े जाने पर जेल भी जा चुका हूं।
