अपराध
बेटी के साथ दुष्कर्म का वीडियो देख मां के उड़े होश, रेलवे का रिटायर्ड बुजुर्ग गिरफ्तार
डर और धमकाने की वजह से बेटी ने छिपाई थी घटना
वाराणसी। पिंडरा-फूलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला के मोबाइल पर उसकी 12 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म का वीडियो आया तो उसे देख कर महिला के होश उड़ गए। महिला ने तत्काल परिजनों के साथ फूलपुर थाने पहुंच कर रेलवे से सेवानिवृत कर्मचारी के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रेलवे से रिटायर्ड 67 वर्षीय देवीशरण राजभर को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दुष्कर्म का वीडियो बनाने वाले युवक की तलाश कर रही है।
पीड़ित बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि, गुरुवार को उनके व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया जो वीडियो क्लिप के रूप में था। वीडियो को डाउनलोड करने के बाद जब मैंने देखा कि उसमें मेरी बेटी के साथ गांव का बुजुर्ग देवीशरण राजभर दुष्कर्म कर रहा था। दुष्कर्म का वीडियो गांव के ही किसी युवक ने चोरी से बनाया है और उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी किया है।
इस संबंध में जब मैंने अपनी बेटी से बात की तो उसने बताया कि, वह गत 11 जुलाई को बकरी चराने गई थी। उसी दौरान देवीशरण राजभर उसे पैसे देने के साथ ही बाजार से कुछ सामान दिलाने की बात कह कर अपने साथ ले गया और दुष्कर्म किया। देवीशरण ने उसे घटना के संबंध में किसी को कुछ न बताने के लिए धमकाया था। इस वजह से वह डर कर चुप थी। बेटी से घटना के बारे में जानने के बाद मां उसे लेकर परिजनों के साथ फूलपुर थाने गई और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
इस संबंध में फूलपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी बुजुर्ग को गिरफ्तार कर लिया गया है। दुष्कर्म का वीडियो बनाने वाले युवक की तलाश में पुलिस की एक टीम लगाई गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
