अपराध
जौनपुर में पत्रकार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या
प्रशासन से लगाई थी जान-माल की गुहार, पुलिस ने किया मामला अनदेखा
जौनपुर। यूपी में आए दिन अपराध की घटनाएं देखने व सुनने को मिलती हैं। अपराधियों के मन में पुलिस के प्रति किसी भी प्रकार का डर नहीं है तभी तो अपराधी आए दिन किसी न किसी की जान ले लेते हैं।

ताजा मामला यूपी के जौनपुर जिले से है जहां शाहगंज थाना क्षेत्र के इमरानगंज बाजार में सोमवार की सुबह साढ़े नौ बजे अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर सबरहद गांव के निवासी न्यूज पोर्टल के पत्रकार एवं भाजपा नेता आशुतोष श्रीवास्तव की हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई। घटनास्थल पर जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए है। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, आशुतोष श्रीवास्तव विगत एक माह पहले ही सीओ शाहगंज और थाना प्रभारी शाहगंज को जरिए पत्र अपने जान व माल की रक्षा के लिए गुहार लगाई थी। घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर शाहगंज के लोगो में जबरदस्त जनाक्रोश है।
