वाराणसी
एनडीआरएफ ने ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण वाराणसी के साथ अग्निकांड पर किया संयुक्त मॉक अभ्यास
वाराणसी : ग्रीष्म ऋतु में भीषण गर्मी के चलते वातावरण के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है और कई जगहों पर आगजनी की घटनाएं भी हो रही है। इन परिस्थितियों को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशन से अग्नि कांड से बचाब हेतु वाराणसी में मॉक अभ्यास किया गया। जिसमें ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एनडीआरएफ और विभिन्न हितधारकों एवं एजेंसियां ने भाग लिया।
उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में तथा उप कमांडेंट रामभवन सिंह यादव की अगुवाई में एनडीआरफ टीम ने इस मॉक अभ्यास में भाग लिया। उप कमाडेंट ने बताया कि यह पूरा मॉक अभ्यास इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम के तहत आयोजित किया गया था। जिसमें आपसी समन्वय और तैयारियों का जायज़ा लेना था। जिसमें सभी विभागों ने अपनी-अपनी भूमिका निभाई। इस दौरान दो जगहों पर आगजनी घटनाओं का परिदृश्य तैयार किया गया था। एनडीआरएफ टीम ने क्वींस कॉलेज, लहुरावीर तथा प.दीन दयाल उपाध्याय हॉस्पिटल की बिल्डिंग में आग को बुझाए जाने के बाद घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में अपनी भूमिका को निभाया।
यह मॉक अभ्यास आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्यों, एसडीएम आकांक्षा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आर के सिंह की मौजूदगी में हुआ। जिसमें एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, सिविल डिफेंस, आपदा मित्र, हॉस्पिटल स्टॉफ, कॉलेज स्टाफ और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
