वाराणसी
पंडित राजेंद्र प्रसन्ना ने छात्राओं को समझाई बांसुरी वादन की बारीकियां

वाराणसी। आर्य महिला पीजी कॉलेज एवं कला प्रकाश की ओर बृहस्पतिवार को कॉलेज परिसर स्थित महर्षि दयानंद हाल में धरोहर कार्यक्रम के तहत बनारस घराने के बांसुरी वादक पंडित राजेंद्र प्रसन्ना ने अपने बांसुरी वादन से छात्राओं को सुर की बारीकियो से परिचित कराया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित राजेंद्र प्रसन्ना ने बांसुरी पर राग अहिर भैरव बजाकर की इसके बाद मालकोस की प्रस्तुति की। दूसरी ओर गायन शैली में छात्राओं की कजरी प्रस्तुति पिया मेंहदी लगा दा… के गायन को अपनी बांसुरी से उन्होंने सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। तदोपरांत पंडित राजेंद्र प्रसन्ना ने दादरा में बांसुरी पर डगर कैसे चलूं पग रोके कन्हैया… बजा कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने इस दौरान बांसुरी वादन से जुड़े छात्राओं के सवालों का भी जवाब दिया।
पंडित राजेंद्र प्रसन्ना सहित अन्य अतिथियों का स्वागत व सम्मान श्री आर्य महिला हितकारिणी महापरिषद की ज्वाइंट जनरल सेक्रेट्री पूजा दीक्षित व आर्य महिला पीजी कॉलेज की प्राचार्या प्रोफेसर रचना दुबे ने किया।
इस मौके पर पूजा दीक्षित ने कहा कि यह एक अच्छी पहल है इससे हमारी संगीत की विलुप्त हो रही कला को संवर्धन प्राप्त होगा। छात्राओं को इस आयोजन से निश्चित तौर पर कुछ सीखने को मिलेगा। कालेज की प्राचार्या प्रोफेसर रचना दुबे ने कहा कि शास्त्रीय संगीत कि हमारी परंपरा काफी पुरानी है इसे संरक्षित करने की जिम्मेदारी भी हमारी है इसी कड़ी में छात्राओं के बीच यह आयोजन किया गया है, जिससे निश्चित तौर पर वे लाभान्वित होंगी।
कला प्रकाश संस्था के अध्यक्ष अशोक कपूर ने कहा कि शास्त्रीय संगीत परंपरा छात्र छात्राओं को परिचित कराने के उद्देश्य से धरोहर के तहत इस तरह के कार्यक्रम विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में आयोजित किए जा रहे हैं। शास्त्रीय संगीत के प्रसार के उद्देश्य से इस आयोजन की संकल्पना की गई है ।
डॉ राजेंद्र प्रसन्ना के बांसुरी वादन के दौरान उनके साथ तबले पर पं . ललित कुमार संगत की तथा बांसुरी पर प्रांजल ने सहयोग किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के दीप प्रज्वलन से हुई। इस मौके पर श्री आर्य महिला हितकारिणी महापरिषद की जॉइंट जनरल सेक्रेटरी पूजा दीक्षित, आर्य महिला पीजी कॉलेज की प्राचार्या प्रोफ़ेसर रचना दुबे कला प्रकाश के अध्यक्ष अशोक कपूर आर्य महिला हितकारिणी महापरिषद के सदस्य नवीन कपूर कला प्रकाश के पीआरओ अनिल केसरी कला प्रकाश के सदस्य प्रदीप गिनोडिया, कला प्रकाश के सचिव अनिल नागर मौजूद थे।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ अनीता सिंह डॉ अनामिका दीक्षित ने किया संचालन डॉक्टर जया रॉय और धन्यवाद ज्ञापन डॉ अनीता सिंह ने किया।