गाजीपुर
अमर शहीद संजय यादव की 27वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा देशभक्ति का जज्बा
देवकली/गाजीपुर। धनईपुर गांव में अमर शहीद संजय यादव की 27वीं पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में शहीद के परिजनों, पूर्व सैनिकों और विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान भारत माता के जयकारों से पूरा माहौल देशभक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम के आरंभ में शहीद संजय यादव की धर्मपत्नी राधिका यादव, पुत्र गौरव यादव, भाई अजय यादव व सौरभ यादव, बाबा दुखरन यादव सहित अन्य परिजनों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके अलावा कारगिल शहीद रामविलास यादव की धर्मपत्नी पुष्पा यादव, शहीद शेषनाथ यादव की धर्मपत्नी सरोज यादव, संत घनश्यामाचार्य उर्फ बालक स्वामी और शौर्य सैनिक संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुब्बा यादव समेत अन्य लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुण्यतिथि के अवसर पर पूर्व सैनिकों की ओर से विशाल तिरंगा जुलूस निकाला गया। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल पूर्व सैनिकों और लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए। जुलूस के दौरान शहीदों के सम्मान और देशभक्ति से जुड़े नारों से वातावरण गूंजता रहा। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से करीब 300 सैनिकों और पूर्व सैनिकों के पहुंचने की बात कही गई।
शौर्य सैनिक संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुब्बा यादव ने कहा कि गाजीपुर की धरती अमर शहीदों की जन्मभूमि रही है। यहां के वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी और भारत माता की गरिमा पर आंच नहीं आने दी। उन्होंने कहा कि अमर शहीद संजय यादव कुमाऊं रेजीमेंट की 13वीं बटालियन में कार्यरत थे और 1 सितंबर 1999 को कारगिल युद्ध के दौरान देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए थे। उनका बलिदान देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संत घनश्यामाचार्य उर्फ बालक स्वामी ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों पर पूरे देश को गर्व है। उन्होंने कहा कि वे माता-पिता धन्य हैं, जिन्होंने ऐसे वीर सपूतों को जन्म दिया। गाजीपुर की धरती ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर देश की सीमाओं की रक्षा तक महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस अवसर पर कुमाऊं रेजीमेंट 13वीं बटालियन के श्रीराम यादव, देवी प्रसाद यादव, सच्चेलाल यादव, सत्येंद्र यादव ‘सत्या’, सुदर्शन यादव, भंवर सिंह, रामबली यादव, सुजीत यादव, बलवंत यादव, अशोक यादव, फौजी सुब्बा यादव, सुरेंद्र यादव, अभय यादव, सुजीत यादव सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन भोला सिंह यादव ने किया। इस दौरान शहीद संजय यादव के बलिदान को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने और देश के प्रति समर्पण की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
