गाजीपुर
FLN प्रशिक्षण का BSA उपासना रानी वर्मा ने किया अनुश्रवण
सादात/गाजीपुर। ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) सादात में संचालित FLN प्रशिक्षण के द्वितीय चरण के दूसरे दिन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) श्रीमती उपासना रानी वर्मा ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का अनुश्रवण किया। उनके पहुंचने पर प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रहे शिक्षकों में उत्साह देखने को मिला। BSA ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, शिक्षकों की सहभागिता और विभिन्न गतिविधियों का बारीकी से जायजा लिया।
अनुश्रवण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रशिक्षण में प्रतिभागियों की उपस्थिति, सक्रिय सहभागिता तथा कराई जा रही गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षण की विषय-वस्तु और गतिविधि आधारित शिक्षण प्रक्रिया को समझा तथा प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण के उद्देश्य एवं प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
BSA उपासना रानी वर्मा ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता और विषय-वस्तु की सराहना करते हुए कहा कि FLN के माध्यम से बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान की मजबूत नींव तैयार करना बेहद महत्वपूर्ण है। इसमें शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान सीखी जा रही गतिविधियों और तकनीकों को विद्यालयों में प्रभावी तरीके से लागू करने पर विशेष जोर दिया, ताकि बच्चों के सीखने के स्तर में अपेक्षित सुधार लाया जा सके।
उन्होंने कहा कि कक्षा-कक्ष में बच्चों को केवल पाठ्य सामग्री तक सीमित रखने के बजाय गतिविधियों के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। शिक्षकों को प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग अपने विद्यालयों में करते हुए बच्चों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी सादात हेमवंत कुमार एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी देवकली राजीव कुमार यादव भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षण की प्रगति, व्यवस्थाओं और प्रतिभागियों की सहभागिता का जायजा लिया तथा प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
FLN प्रशिक्षण का संचालन नोडल एआरपी रविन्द्र प्रताप यादव, एआरपी सुधीर यादव, रमेश राय एवं मनोज मिश्रा द्वारा किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण, बच्चों की सीखने की क्षमता को विकसित करने तथा कक्षा-कक्ष में FLN की अवधारणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जा रही है।
BSA के अनुश्रवण और प्रशिक्षण की गुणवत्ता की सराहना से प्रतिभागी शिक्षकों का उत्साह बढ़ा। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से शिक्षकों की दक्षता में वृद्धि होगी और इसका सीधा लाभ बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार के रूप में देखने को मिलेगा।
