वाराणसी
राम प्रकाश सिंह ‘बीरू’ बने भाजपा जिला उपाध्यक्ष
कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रहे बीरू को मिली नई जिम्मेदारी, अजगरा विधायक समेत कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
बाबतपुर (वाराणसी)। भारतीय जनता पार्टी ने अजगरा क्षेत्र के सुलेमापुर निवासी और किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष राम प्रकाश सिंह ‘बीरू’ को पार्टी का नया जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनके मनोनयन की जानकारी मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। अजगरा विधायक त्रिभुवन राम सहित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मनोनयन के बाद आयोजित सम्मान समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं ने राम प्रकाश सिंह ‘बीरू’ का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि बीरू लंबे समय से संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण के साथ काम करते रहे हैं। संगठन में उनकी सक्रियता और अनुभव को देखते हुए उन्हें जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा और पार्टी की गतिविधियों को और गति मिलेगी। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की बात कही।
संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
सम्मान समारोह में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने राम प्रकाश सिंह ‘बीरू’ को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन की मजबूती के लिए लगातार काम करने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने संगठन के सक्रिय कार्यकर्ता को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया है।
समारोह में पंकज चौबे, संजीव राय बिल्लू, जय सिंह पटेल, शैलेंद्र पटेल, राहुल रघुवंशी, नीरज पांडेय और अनंत रघुवंशी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
