पूर्वांचल
200 छात्र-छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, जनगणना-2027 के प्रति किया जागरूक
गोपीगंज। जनगणना-2027 को सफल बनाने, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने के उद्देश्य से मंगलवार को भदोही साइकिलिंग क्लब की ओर से विशाल जागरूकता साइकिल रैली निकाली गई। साइकिल मैन भदोही अताउल मुस्तफा अंसारी के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में करीब 200 छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बड़े चौराहे से शुरू हुई रैली कांजी हाउस और जोहरपुर होते हुए गुरुकुलम शिक्षण संस्थान, ननवगपुर पहुंची। यहां मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल का स्वागत किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश सिंह, प्रबंधक डॉ. रोहित सिंह, प्रधानाचार्य देश रतन, एडमिन अमरेन्द्र कर्ण और उप प्रधानाचार्य पंकज सिंह सहित शिक्षक व विद्यार्थियों ने प्रतिभागियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल ने कहा कि जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को जागरूक और सहभागी बनाना जरूरी है। उन्होंने लोगों से जनगणना संबंधी सही जानकारी देने की अपील की। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योग-व्यायाम करने और आसपास के कार्यों के लिए साइकिल का अधिक से अधिक उपयोग करने का संदेश दिया।
इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, साइकिल मैन अताउल मुस्तफा अंसारी, निदेशक डॉ. राजेश सिंह और प्रबंधक डॉ. रोहित सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। गुरुकुलम शिक्षण संस्थान से निकली रैली नवलपुर, मेन जखांव, रामबक्शपुर और घुरीपुर होते हुए ज्ञानपुर रोड सोनखरी पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान ‘हमारी गणना हमारा सम्मान’, ‘जन-जन की भागीदारी, विकसित भारत की तैयारी’ और ‘आइए मिलकर कदम बढ़ाएं, जनगणना को सफल बनाएं’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। अभियान में जनगणना के साथ मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में प्रवीण श्रीवास्तव, रवि सरोज, बालकृष्ण मिश्रा, गरिमा पाठक, हर्ष पाठक, ऋषि यादव, शिवम यादव, प्रीतम यादव, साजेब अंसारी, अबू हमजा, आदित्य यादव, अनिकेत गौतम, कैलाश श्रीवास्तव, अनमोल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में युवाओं और छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
