Uncategorized
व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया, भदोही में गंगा घाटों-सरोवरों पर उमड़ी भीड़, 36 घंटे का निर्जला व्रत खोला
भदोही जिले में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ पूजा का समापन हुआ। भोर से ही व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ नदी घाटों पर पहुंचीं। उन्होंने पानी में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य दिया और पूजा की। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा हुआ।
जनपद के गंगा घाटों और जलाशयों पर हजारों श्रद्धालु जुटे। सोमवार भोर में कार्तिक शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि पर व्रती महिलाएं परिवार के साथ गंगा घाट और सरोवर तट पर पहुंचीं। उन्होंने अपने लिए तय जगह पर गन्ने के मंडप बनाए और पूजा की।
घाटों पर सुबह से ही छठ के गीत गूंजते रहे। महिलाओं ने सूप, फल, ठेकुआ और अन्य पूजा सामग्री से अर्घ्य अर्पित किया। परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और मनोकामना पूर्ति की कामना की। अर्घ्य के बाद प्रसाद वितरण किया गया।
सुरक्षा के लिए घाटों पर पुलिस, एनडीआरएफ, गोताखोर और होमगार्ड तैनात रहे। प्रशासन की ओर से रोशनी, सफाई और पेयजल की व्यवस्था की गई थी। पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने पर श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
