Connect with us

जौनपुर

बक्शा पुलिस ने पकड़ा मोबाइल चोरी और खरीद-फरोख्त का बड़ा नेटवर्क, सात गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

939 मोबाइल फोन, 272 सिम कार्ड और 40 बोरी मोबाइल पार्ट्स बरामद, दिल्ली तक फैला था गिरोह का कारोबार

बक्शा । जौनपुर जिले में चोरी और संदिग्ध मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बक्शा पुलिस ने सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में भारी मात्रा में मोबाइल फोन और उनके पुर्जे बरामद हुए हैं। बरामदगी का आंकड़ा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपितों के कब्जे से कुल 939 मोबाइल फोन, 272 सिम कार्ड, 40 बोरी मोबाइल स्क्रैप पार्ट्स और 24 हजार रुपये नकद मिले हैं। बरामद मोबाइलों में 134 एंड्रॉयड और 805 की-पैड फोन शामिल हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य चोरी सहित विभिन्न माध्यमों से कम कीमत पर मोबाइल फोन खरीदते थे। इसके बाद उन्हें एक जगह एकत्र कर उनके उपयोगी उपकरणों को अलग किया जाता था। पुराने और खराब मोबाइलों से मदरबोर्ड, डिस्प्ले, कैमरा सहित अन्य कीमती पार्ट्स निकालकर उनकी मदद से दूसरे मोबाइल तैयार किए जाते थे। इस तरह मोबाइलों को असेंबल और कस्टमाइज कर बाजार में खपाने का काम किया जाता था।

किराये के मकान में चल रहा था मोबाइलों का खेल

पुलिस के अनुसार, बक्शा क्षेत्र में सौरभ गुप्ता और कामेश गुप्ता के किराये के मकान को मोबाइल फोन इकट्ठा करने और उनके पुर्जों की अदला-बदली के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। यहां गिरोह के सदस्य पुराने मोबाइलों को खोलकर उनके उपयोगी पार्ट्स निकालते और उनसे दूसरे फोन तैयार करते थे। पूछताछ के दौरान आरोपित बरामद मोबाइल फोन के संबंध में कोई वैध खरीद रसीद अथवा स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा सके।

Advertisement

मेरठ से दिल्ली तक जुड़ा था नेटवर्क

जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि तैयार किए गए मोबाइल फोन हसीम खान उर्फ वसीम के माध्यम से दिल्ली में अलग-अलग खरीदारों को बेचे जाते थे। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि गिरोह ने अब तक कितने मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री की है और दिल्ली में इसके संपर्क में रहने वाले अन्य लोग कौन-कौन हैं।

272 सिम कार्ड मिलने से साइबर अपराध की आशंका

इस पूरे मामले में 272 सिम कार्ड की बरामदगी ने जांच को और महत्वपूर्ण बना दिया है। पुलिस को आशंका है कि इन सिम कार्ड और मोबाइल उपकरणों का इस्तेमाल फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक भेजने अथवा अन्य साइबर गतिविधियों में किया जा सकता था। हालांकि, अभी तक साइबर अपराध में इनके इस्तेमाल की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मोबाइलों के आईएमईआई नंबर, सिम कार्ड और डिजिटल डेटा की तकनीकी जांच करा रही है, ताकि इनके वास्तविक इस्तेमाल और संभावित नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

कार और बाइक समेत लाखों के सामान की बरामदगी

Advertisement

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 939 मोबाइल फोन, 40 बोरी मोबाइल स्क्रैप पार्ट्स, 272 सिम कार्ड और 24 हजार रुपये नकद के साथ एक टाटा टियागो कार (UP84W9516) तथा बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस बरामद वाहनों के संबंध में भी आवश्यक जानकारी जुटा रही है।

सात आरोपितों को पुलिस ने दबोचा

गिरफ्तार आरोपितों में सौरभ गुप्ता और कामेश गुप्ता निवासी उमरपुर शिवगुलामगंज, थाना बक्शा, जौनपुर; संजय सिंह निवासी गोधेपुर, कानपुर देहात; अजय नायक निवासी परतापुर, औरैया; अखिलेश नायक निवासी रामनगर, कन्नौज; संजय सिंह निवासी आरामऊ, कानपुर देहात तथा हसीम खान उर्फ वसीम निवासी आशियाना कॉलोनी, मेरठ शामिल हैं।

गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज, आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस

इस मामले में थाना बक्शा में मुकदमा अपराध संख्या 571/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5), 61(2), 317(2) और 317(5) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Advertisement

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह के नेतृत्व में बक्शा पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद अब जांच का दायरा दिल्ली तक पहुंच गया है। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों का पता लगाने, सिम कार्ड के इस्तेमाल की जानकारी जुटाने और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की है। आने वाले दिनों में जांच के दौरान गिरोह के नेटवर्क से जुड़े कई अन्य नाम सामने आने की संभावना है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page