Connect with us

जौनपुर

प्रसव के बाद नवजात की मौत पर सीएचसी में हंगामा, स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही का आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

परिजनों ने इलाज में अनदेखी और 500 रुपये मांगने का लगाया आरोप, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने आरोपों को बताया निराधार, पुलिस कर रही जांच

जफराबाद (जौनपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेहरूनगर सिरकोनी में प्रसव के बाद नवजात की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने स्वास्थ्यकर्मियों पर गंभीर लापरवाही बरतने और रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। मामले में एक महिला की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत भी दी गई है।

जानकारी के अनुसार, जलालपुर क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी राजकुमार बनवासी की पत्नी अंजली देवी को गुरुवार को प्रसव पीड़ा हुई थी। इसके बाद परिजन उन्हें उनकी सास रेनू देवी और गांव की आशा कार्यकर्ता के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेहरूनगर सिरकोनी ले गए। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद सामान्य प्रसव होने की बात कही। कुछ समय बाद अंजली ने एक पुत्र को जन्म दिया। हालांकि, प्रसव के तुरंत बाद नवजात की हालत बिगड़ गई।

परिजनों का कहना है कि बच्चे की तबीयत खराब होने पर चिकित्सक ने ऑक्सीजन की कमी की बात बताई और स्वास्थ्य केंद्र पर ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी। आरोप है कि बच्चे को मुंह से ऑक्सीजन देने के बाद उसे तत्काल शहर के किसी अस्पताल में ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद परिजन नवजात को बाइक से लेकर शहर की ओर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों पर उपचार में लापरवाही बरतने के साथ ही 500 रुपये मांगने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि समय रहते समुचित उपचार और जरूरी सुविधाएं मिल जातीं तो शायद नवजात की जान बच सकती थी।

Advertisement

दूसरी ओर, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने परिजनों के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि नवजात मृत अवस्था में पैदा हुआ था। इसके बावजूद परिजन उसे जीवित समझकर शहर के एक निजी नर्सिंग होम ले जा रहे थे।

स्वास्थ्य विभाग और परिजनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के चलते मामला गरमा गया। आक्रोशित परिजन शुक्रवार को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और कर्मचारियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जलालपुर पुलिस ने हस्तक्षेप कर किसी तरह स्थिति संभाली।

इस संबंध में रेनू देवी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page