बलिया
कस्बे में डीजे की तेज गूंज से 20 दिन की मासूम की मौत, परिवार में कोहराम
लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुआ हादसा, पुलिस ने डीजे ऑपरेटर को लिया हिरासत में
मनियर (बलिया): थाना क्षेत्र के मुड़ियारी गांव में शुक्रवार दोपहर लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे की तेज आवाज से 20 दिन की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया और परिवार में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के राजा गांव खरौनी निवासी रीमा शाह अपने मायके मुड़ियारी गांव में थीं। शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे बिंद टोली से लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकला था, जिसमें डीजे बेहद तेज आवाज में बज रहा था। आरोप है कि इसी अत्यधिक ध्वनि के कारण कुएं के पास खड़ी रीमा की 20 दिन की नवजात बेटी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए डीजे को अपने कब्जे में ले लिया तथा ऑपरेटर को हिरासत में ले लिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश चंद यादव ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अभी तहरीर नहीं मिली है, शिकायती पत्र मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना ने सार्वजनिक आयोजनों में तेज आवाज वाले डीजे के इस्तेमाल और ध्वनि प्रदूषण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
