आजमगढ़
राज्य स्तरीय सब जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज
18 मंडलों की टीमों ने लिया हिस्सा, उद्घाटन मुकाबलों में चित्रकूट, सहारनपुर, मेरठ, गोरखपुर व अयोध्या विजयी
आजमगढ़। सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को राज्य स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ एवं उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के समन्वय से क्षेत्रीय खेल कार्यालय आजमगढ़ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता सात से नौ अक्टूबर तक चलेगी। इसमें प्रदेश के 18 मंडलों के साथ अमेठी छात्रावास और स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई की टीमें भी प्रतिभाग कर रही हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, आजमगढ़ के प्रथम पीठासीन अधिकारी मुकेश कुमार सिंह ने किया। उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के सचिव विजेंद्र प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि रहे। क्रीड़ाधिकारी सिराजुद्दीन ने मुख्य अतिथि को बुके एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
उद्घाटन मुकाबलों में चित्रकूट ने वाराणसी को 23-21, सहारनपुर ने मिर्जापुर को 52-51, मेरठ ने आगरा को 31-20, गोरखपुर ने गोंडा को 32-12 तथा अयोध्या ने प्रयागराज को 24-23 से पराजित किया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से मुकाबलों के दौरान दर्शकों में उत्साह बना रहा।
इस अवसर पर उप क्रीड़ाधिकारी जय प्रकाश यादव, उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. एहसान अहमद, रेफरी बोर्ड के चेयरमैन सुरेश कुमार सिंह, लक्ष्मण अवार्डी खिलाड़ी तारकेश्वर सिंह, जिला हैंडबाल संघ के सचिव केएम श्रीवास्तव, जिला कबड्डी संघ के सचिव प्रसाद राय, जिला जिम्नास्टिक्स संघ के सचिव लक्ष्मण प्रसाद सहित विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक, पदाधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।
