गाजीपुर
निपुण विद्यालय बनाने की कवायद तेज
810 विद्यालयों में एआरपी ने परखी शैक्षणिक गतिविधियों की प्रगति
जमानियां। बेसिक शिक्षा विभाग के ‘कैच अप कराओ, निपुण बनाओ’ अभियान के तहत कंपोजिट विद्यालय फुली में एआरपी अरविंद कुमार सिंह ने बेसलाइन आकलन के बाद निर्धारित शैक्षणिक गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने निपुण आकलन पत्रक के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रगति जांची और शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एआरपी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में एआरपी द्वारा गोद लिए गए 810 विद्यालयों में अभियान प्राथमिकता के साथ चलाया जा रहा है। चयनित विद्यालयों को निर्धारित समय में निपुण विद्यालय बनाने का लक्ष्य रखा गया है। आगामी 1 और 2 नवंबर को एंडलाइन आकलन कराया जाएगा, जिसके माध्यम से बच्चों के सीखने में हुए सुधार का मूल्यांकन किया जाएगा।
इस दौरान प्रधानाध्यापक सुरेंद्र नाथ सिंह सहित शिक्षक शिवबचन प्रसाद, पारस नाथ राय, चंदन पांडेय, उर्मिला यादव, अनीता कुमारी, वंदना श्रीवास्तव और नसीमा बानो मौजूद रहीं।
