गाजीपुर
अत्यधिक बारिश और तेज हवा से धान की फसल को नुकसान
खेतों में जलभराव से फसल बर्बाद होने की आशंका, रबी की बुवाई में भी देरी के आसार
भीमापार। क्षेत्र में बुधवार को तेज हवा के साथ हुई अत्यधिक बारिश से धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। तेज हवा के कारण जिन खेतों में धान की बालियां निकल आई थीं, वहां कई जगह फसल खेत में गिर गई। लगातार बारिश से खेतों में जलभराव होने के कारण धान के सड़ने और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
बारिश और तेज हवा से किसानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। खेतों में पानी भरा हुआ है और मौसम अभी पूरी तरह साफ नहीं हुआ है। आसमान में बादल छाए रहने से किसानों को दोबारा बारिश की चिंता सता रही है। किसानों का कहना है कि यदि फिर तेज बारिश हुई तो खेतों में गिरी धान की फसल को और नुकसान हो सकता है।
वहीं, धान के साथ आगामी रबी फसलों की बुवाई को लेकर भी किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में पानी भरा होने के कारण आलू, चना, मटर और सरसों की बुवाई में देरी होने के आसार हैं। खेतों से पानी सूखने के बाद ही किसान इन फसलों की बुवाई कर सकेंगे।
किसानों ने प्रशासन और कृषि विभाग से फसल नुकसान का जायजा लेकर प्रभावित किसानों को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
