गाजीपुर
भुजहुआ के सतीश और सौरभ दिखाएंगे हॉकी का दम, मंडल टीम में चयन
12 से 17 अक्टूबर तक इटावा में होगी प्रदेशीय सब-जूनियर हॉकी प्रतियोगिता, खिलाड़ियों की उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी
खानपुर (गाजीपुर)। भुजहुआ स्थित शिवकाल भैरव स्टेडियम के दो युवा हॉकी खिलाड़ियों ने क्षेत्र का मान बढ़ाया है। सतीश राजभर और सौरभ यादव का प्रदेशीय समन्वय सब-जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। सतीश वाराणसी मंडल और सौरभ आजमगढ़ मंडल की टीम से खेलेंगे।
इटावा में दिखाएंगे खेल प्रतिभा
दोनों खिलाड़ी 12 से 17 अक्टूबर तक इटावा में आयोजित होने वाली प्रदेशीय समन्वय सब-जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता में अपने-अपने मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन की खबर मिलते ही शिवकाल भैरव स्टेडियम और आसपास के गांवों में खुशी की लहर दौड़ गई।
मेहनत और अभ्यास से मिली सफलता
स्टेडियम के संस्थापक रामपुकार सिंह ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का मंडल स्तर पर चयन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। कोच धर्मेंद्र राजभर ने कहा कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के बल पर खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि हासिल की है।
खिलाड़ियों को दी गई बधाई
इस उपलब्धि पर कमलेश मिश्रा, मनोज सिंह, आशीष विश्वकर्मा और अरविंद सिंह ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
