गाजीपुर
हिंदू पीजी कॉलेज में रंगोली प्रतियोगिता, छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘विकसित भारत’ थीम पर आयोजन, साक्षी, गुंजा और दिव्यता की टीम ने हासिल किया प्रथम स्थान
जमानियां (गाजीपुर)। स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को ‘विकसित भारत’ थीम पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और स्वच्छता जैसे विषयों को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

रंगोली विविधता में एकता का प्रतीक
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए संयोजक डॉ. उर्वशी दत्ता ने कहा कि रंगोली केवल प्राचीन कला या त्योहारों की सजावट नहीं, बल्कि विविधता में एकता का प्रतीक है। जिस तरह विभिन्न रंग मिलकर सुंदर आकृति बनाते हैं, उसी तरह सेवा संकल्प अभियान समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करता है।
विकसित भारत की दिखी कल्पना
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने छात्र-छात्राओं की रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने रंगोलियों के माध्यम से विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और स्वच्छता ही सेवा जैसे महत्वपूर्ण विषयों को खूबसूरती से उकेरा। कुछ प्रतिभागियों ने चंद्रयान मिशन की सफलता, तो कुछ ने अपने सपनों के भारत की कल्पना को रंगोली में प्रदर्शित किया।

साक्षी, गुंजा और दिव्यता की टीम प्रथम
प्रतियोगिता में साक्षी, गुंजा और दिव्यता की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वंदना, निधि, आंचल और श्वेता को द्वितीय पुरस्कार मिला। वहीं सोनी, पल्लवी, पायल, अनुराधा, शना, सुप्रिया, खुशी, पायल, आरोही, ईशा और खुशी को तृतीय स्थान प्रदान किया गया।

शिक्षक और विद्यार्थी रहे मौजूद
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रबंधक लछिराम सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा डॉ. धर्मेन्द्र यादव, डॉ. महेन्द्र कुमार, डॉ. अरुण कुमार सिंह, प्रदीप कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. उर्वशी दत्ता ने किया।
