बलिया
चिकित्सकों के सम्मान और अधिकारों के लिए एकजुटता पर जोर
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की नई जिला कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, डॉ. संतोष चौधरी दूसरी बार बने जिलाध्यक्ष
बलिया, जयदेश। उत्तर प्रदेश प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की नवगठित जिला कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह फेफना स्थित एक होटल में आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभय नारायण राय की अध्यक्षता और डीओएस डॉ. अभिषेक मिश्रा के संचालन में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभय नारायण राय ने कहा कि चिकित्सकों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। इससे विभागीय स्तर पर सम्मान और बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। केंद्रीय कार्यकारिणी के डॉ. विशाल ने संगठन की ताकत का उल्लेख करते हुए कहा कि ओपीएस और सेवा अवधि जैसी मांगों पर सरकार को विचार करना पड़ा है। वहीं, डॉ. शरद ने कहा कि बलिया की बागी धरती से संगठनों को ऊर्जा मिलती है।
लगातार दूसरी बार जिलाध्यक्ष चुने गए वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. संतोष चौधरी ने कहा कि चिकित्सक सम्मान चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अब केवल अनुनय-विनय से काम नहीं चलेगा, बल्कि अधिकारों और सम्मान के लिए एकजुट होकर प्रयास करना होगा।
संघ के सचिव सिद्धार्थ मणि द्विवेदी ने बताया कि 35 सदस्यों से शुरू हुआ संगठन अब 83 सदस्यों का परिवार बन चुका है। समारोह में अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. आरके झा, डॉ. आरडी राम, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. संतोष सिंह, डॉ. मोख्तार यादव, डॉ. एके उपाध्याय, डॉ. राकिब अख्तर, डॉ. मोकर्म अली और डॉ. रीतेश सोनी सहित कई चिकित्सक मौजूद रहे।
