वाराणसी
भागवत कथा में कृष्ण जन्मोत्सव, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
‘बधैया बाजे यशोदा के द्वारे’ पर भक्तों ने किया नृत्य, प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ कार्यक्रम
मिर्जामुराद (जयदेश)। क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान भक्ति गीतों और जयकारों से कथा स्थल भक्तिमय हो उठा।
कथावाचक आचार्य चंद्रशेखर महाराज ने “जब-जब होहि धरम की हानि…” प्रसंग के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण का वर्णन किया। इसके बाद “नंद घर आनंद भयो” के प्रसंग पर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। वहीं, “बधैया बाजे यशोदा के द्वारे” भजन की धुन पर श्रद्धालु झूम उठे और नृत्य कर अपनी खुशी व्यक्त की।
कथा समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य यजमान शैलेंद्र सिंह, शशिकला, डॉ. ओपी सिंह, डॉ. यूएस गौतम, अजय सिंह, शिव प्रकाश सिंह, सुमन सिंह, असीम सिंह, बृजेश सिंह, डॉ. सौरभ सिंह और योगेश सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
