गाजीपुर
स्वच्छता के संदेश के साथ मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती
शैक्षणिक संस्थानों में महापुरुषों को किया नमन, विद्यार्थियों ने चलाया सफाई अभियान
नंदगंज, गाजीपुर। क्षेत्र के शैक्षणिक और कोचिंग संस्थानों में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान चलाया और दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

विद्याश्री कोचिंग क्लासेस में हुआ आयोजन
विद्याश्री कोचिंग क्लासेस, नंदगंज में कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा साफ-सफाई से की गई। इसके बाद शिक्षकों और बच्चों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण किया। कोचिंग संचालक मुकेश श्रीवास्तव, शिक्षक श्याम सुंदर, संजय और इम्तियाज ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
शहीद स्मारक इंटर कॉलेज में भी दी गई श्रद्धांजलि
शहीद स्मारक इंटर कॉलेज, नंदगंज में प्रधानाचार्य उदयराज के नेतृत्व में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की। इसके बाद गांधी जी और शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
