चन्दौली
गरीब मजदूर से मारपीट और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप, सीओ से लगाई कार्रवाई की गुहार
नौगढ़। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के हनुमानपुर गांव में अनुसूचित जाति के एक मजदूर के साथ मारपीट, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के पांच दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं होने पर पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी नौगढ़ को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हनुमानपुर गांव निवासी शिवशरण कोल पुत्र स्व. शंकर कोल ने दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 26 सितंबर की रात करीब आठ बजे वह गांव में भगवान मौर्य की परचून की दुकान पर सामान खरीदने गया था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही धर्मेंद्र यादव ने उसके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर धर्मेंद्र ने अपने भाई नन्दिनी कांत उर्फ मंजू यादव को भी मौके पर बुला लिया।
पीड़ित का आरोप है कि दोनों भाइयों ने उसके साथ मारपीट की और धक्का देकर पानी में गिरा दिया। इससे उसके कपड़े फट गए और शरीर में चोटें आईं। इस दौरान उसका मोबाइल भी पानी में गिर गया। ग्रामीणों के बीच-बचाव करने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार घटना की सूचना चकरघट्टा थाना पुलिस को देने के बावजूद तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उसने क्षेत्राधिकारी नौगढ़ को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। आरोपों की जांच कराई जा रही है। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
