गाजीपुर
भांवरकोल में सात दिवसीय सेवा संकल्प अभियान का समापन, 76 मरीजों की जांच
भांवरकोल, गाजीपुर। ब्लॉक परिसर में आयोजित सात दिवसीय सेवा संकल्प अभियान का समापन स्वास्थ्य शिविर के साथ हुआ। अंतिम दिन डॉक्टरों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें मुफ्त दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श दिया।
76 मरीजों को मिली चिकित्सा सुविधा
शिविर में डॉ. निरंजन कुमार चौधरी, डॉ. चंदन वर्मा, डॉ. पूजा श्रीवास्तव और डॉ. डेजी ने सर्दी, खांसी, बुखार और चर्म रोग से पीड़ित कुल 76 मरीजों की जांच की। जांच के बाद मरीजों को आवश्यक दवाइयां और परामर्श उपलब्ध कराया गया।
लगभग 60 लोगों की लैब जांच
आशुतोष उपाध्याय, एलटी महतिम यादव और पवन कुमार ने लगभग 60 लोगों की शुगर, डेंगू, टाइफाइड और मलेरिया सहित अन्य बीमारियों से संबंधित जांच की।
452 आवेदन हुए प्राप्त
खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) प्रेमचन्द ने बताया कि अभियान के अंतिम दिन कुल 452 आवेदन प्राप्त हुए। ये आवेदन कृषि विभाग, आपूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग और आंगनबाड़ी से संबंधित थे। उन्होंने बताया कि प्राप्त आवेदनों के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ
सात दिवसीय अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं भी प्रदान की गईं। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना रहा।
