गाजीपुर
जमानिया ब्लॉक परिसर में चला सफाई अभियान, अधिकारियों ने किया श्रमदान
जमानिया, गाजीपुर। ‘स्वच्छता ही सेवा’ एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जमानिया ब्लॉक परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान कर ब्लॉक मुख्यालय, कार्यालय कक्षों, गलियारों और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की।
झाड़ियों की कटाई कर हटाया कचरा
अभियान के दौरान परिसर में झाड़ियों की कटाई-छंटाई की गई। साथ ही जगह-जगह जमा कूड़ा-कचरा एकत्र कर उसका सुरक्षित निस्तारण किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक करने का संदेश भी दिया।
दैनिक कार्यसंस्कृति का हिस्सा बने स्वच्छता
खंड विकास अधिकारी महेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाना जरूरी है। स्वच्छ वातावरण से स्वास्थ्य और कार्यकुशलता में सुधार होता है। उन्होंने कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने की अपील की।
अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीओ पंचायत उमेंद्र प्रताप सिंह, एडीओ कृषि दीपक सिंह, एडीओ आरडी दिग्विजय नाथ, विभिन्न पटल प्रभारी, सफाईकर्मी जितेंद्र कुमार, सचिव मनोज कुमार यादव, चंद्रदीप कुमार, अशोक कुमार, अक्षय कुमार सिंह, बबलू कुमार दर्वे, अजय कुमार सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
