वाराणसी
घायल भारतीय पायलट स्मित मच्छार के लिए काशी विश्वनाथ धाम में महामृत्युंजय जाप
21 शास्त्रियों ने किया रुद्राभिषेक, 11 शास्त्रियों ने एक लाख महामृत्युंजय मंत्रों का किया जाप
वाराणसी, जयदेश। फ्लाईदुबई की उड़ान में सहयोगी पायलट द्वारा धारदार हथियार से घायल किए गए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना से श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान किया गया। गुरुवार दोपहर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित इस अनुष्ठान में मंदिर प्रशासन के अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, कैप्टन स्मित मच्छार ने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके इस प्रयास के सम्मान और जल्द स्वस्थ होने की मंगलकामना के लिए विशेष पूजा-अर्चना की गई।
अनुष्ठान के दौरान 21 शास्त्रियों ने कुशा-जल से रुद्राभिषेक किया, जबकि 11 शास्त्रियों ने एक लाख महामृत्युंजय मंत्रों का जाप किया। मंदिर प्रशासन ने बताया कि यह आयोजन सनातन परंपरा के ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और विश्व-बंधुत्व की भावना को समर्पित रहा।
कैप्टन स्मित मच्छार के स्वास्थ्य लाभ की कामना से शाम को नमो घाट और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर घाट पर होने वाली गंगा आरती में भी विशेष आयोजन किए जाने की जानकारी दी गई। धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से उनके शीघ्र स्वस्थ होने और सुरक्षित जीवन की कामना की गई।
