भदोही
कौलापुर में श्रीमद्भागवत कथा आज से
28 सितंबर से पांच अक्टूबर तक चलेगा संगीतमय आयोजन, वृंदावन के अनुराग कृष्ण शास्त्री करेंगे कथा वाचन
ज्ञानपुर। डीघ विकास खंड के कौलापुर गांव में वरिष्ठ पत्रकार डॉ. लक्ष्मीधर चतुर्वेदी के यहां सोमवार, 28 सितंबर से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा का शुभारंभ अपराह्न तीन बजे कलश स्थापना और श्रीमद्भागवत महात्म्य कथा के साथ होगा। कथा का वाचन श्रीधाम वृंदावन के कथा प्रवक्ता अनुराग कृष्ण शास्त्री जी महाराज करेंगे। मुख्य यजमान डॉ. लक्ष्मीधर चतुर्वेदी की पत्नी श्रीमती ज्योत्सना चतुर्वेदी हैं।
आयोजन के तहत 29 सितंबर को परीक्षित जन्म एवं शुकदेव आगमन, 30 सितंबर को सती चरित्र, जड़ भरत एवं ध्रुव चरित्र तथा 1 अक्टूबर को प्रह्लाद चरित्र एवं कृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग सुनाया जाएगा।
इसी क्रम में 2 अक्टूबर को नंदोत्सव, बाललीला एवं गोवर्धन पूजा, 3 अक्टूबर को महाराज-रुक्मणी विवाह तथा 4 अक्टूबर को परीक्षित मोक्ष एवं कथा विश्राम होगा। 5 अक्टूबर को पूर्णाहुति एवं हवन के साथ कथा का समापन किया जाएगा।
इसके बाद 6 अक्टूबर को ग्राम परिक्रमा एवं गया प्रस्थान का कार्यक्रम निर्धारित है। आयोजकों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से कथा स्थल पर पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने की अपील की है।
