भदोही
मन की बात के 138वें एपिसोड में राष्ट्र सुरक्षा और सुंदरबन की महिलाओं का उल्लेख
गोपीगंज में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर सुनी प्रधानमंत्री की मन की बात
गोपीगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड का प्रसारण रविवार को गोपीगंज के ज्ञानपुर रोड स्थित ग्लोबल स्टार सहित विभिन्न बूथों पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सुना। जिला उपाध्यक्ष बृजेश गुप्ता के नेतृत्व में बूथ संख्या 394 पर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संबोधन में राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति, जनगणना, सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और जनभागीदारी जैसे विषयों का उल्लेख किया गया। सर्जिकल स्ट्राइक की 10वीं वर्षगांठ का संदर्भ देते हुए प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर बात की। जनगणना को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से सही और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का आह्वान किया गया।
सांस्कृतिक विरासत के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने स्वर्गीय अशोक सिंघल की जन्मशती का स्मरण किया तथा उनके सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रसेवा से जुड़े योगदान का उल्लेख किया। गुजरात के मोढेरा सूर्य ग्राम का उदाहरण देते हुए सौर ऊर्जा के माध्यम से गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की भी चर्चा की गई।
पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के संदर्भ में सुंदरबन क्षेत्र की महिलाओं द्वारा मैंग्रोव संरक्षण एवं संवर्धन के प्रयासों का उल्लेख किया गया। बताया गया कि स्थानीय स्तर पर ऐसे प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर भी उपलब्ध करा रहे हैं।
गोपीगंज मंडल अध्यक्ष अश्वनी अग्रवाल के नेतृत्व में मंडल के सभी 89 बूथों पर भी ‘मन की बात’ सुनी गई। मंडल अध्यक्ष ने बूथ संख्या 436 क्षेत्र में भाजपा नेता वीरेंद्र शुक्ला के आवास पर कार्यक्रम सुना।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष पांडेय, हौसला प्रसाद पाठक, आनंद कुमार मिश्रा, रमेश पांडेय, श्रीनिवास चतुर्वेदी, अजय त्रिपाठी, वीरेंद्र पांडेय, हरिश्चंद्र पाठक, जिला उपाध्यक्ष गोवर्धन राय, प्रवीण जायसवाल, पारसनाथ कन्नौजिया, सुरेश मौर्य, विशाल शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
