भदोही
तेज हवा-बारिश में सड़क पर गिरा नीम का पेड़, ग्रामीणों ने हटाकर रास्ता कराया साफ
कटका पड़ाव-गिर्द बड़गांव मार्ग पर आवागमन हुआ बाधित, स्थानीय लोगों की तत्परता से मिली राहत
बाबूसराय-भदोही। लगातार हो रही बारिश और तेज हवा के कारण बीती रात कटका पड़ाव से गिर्द बड़गांव जाने वाले मार्ग पर नीम का पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ के गिरने से मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी हुई तो वे मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सड़क पर गिरी पेड़ की डालियों को काटकर अलग किया और रास्ते से अवरोध हटाया। इसके बाद मार्ग पर आवागमन फिर से सुचारु हो गया।
स्थानीय लोगों की इस पहल से राहगीरों को राहत मिली। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश और तेज हवा के कारण क्षेत्र में पेड़ गिरने की घटनाएं हो रही हैं, जिससे कई बार सड़कों पर आवागमन प्रभावित हो जाता है। ऐसे में समय रहते रास्ते से पेड़ और उसकी डालियां हटाना जरूरी है।
