गोरखपुर
गोरखपुर जंक्शन पर यात्रियों को नहीं भटकना पड़ेगा
कोच गाइडेंस सिस्टम से मिलेगी सटीक जानकारी
प्लेटफार्म पर ट्रेन आने से पहले पता चलेगा कोच का स्थान, बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को मिलेगी विशेष सुविधा
गोरखपुर। गोरखपुर जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक कोच गाइडेंस सिस्टम लगाया जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद यात्रियों को ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचने से पहले ही अपने कोच की स्थिति और प्लेटफार्म पर उसके निर्धारित स्थान की सटीक जानकारी मिल सकेगी। इससे यात्रियों को कोच तलाशने के लिए प्लेटफार्म पर इधर-उधर भटकने की परेशानी से राहत मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि गोरखपुर जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 8 और 9 पर आधुनिक कोच गाइडेंस सिस्टम लगाया जा रहा है। यह सिस्टम एनटीएस से इंटीग्रेटेड होगा। इसके माध्यम से ट्रेन और उसके कोच से संबंधित जानकारी यात्रियों को अधिक व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचने से पहले यात्रियों को यह जानकारी मिल जाएगी कि उनका कोच प्लेटफार्म के किस हिस्से में आएगा। इससे यात्री पहले से ही निर्धारित स्थान पर पहुंचकर ट्रेन का इंतजार कर सकेंगे। खासतौर पर बुजुर्ग, दिव्यांग, महिलाएं और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे के अनुसार कोच गाइडेंस सिस्टम लागू होने से यात्रियों की बोर्डिंग प्रक्रिया भी आसान होगी। प्लेटफार्म पर कोच खोजने में लगने वाला समय कम होगा और यात्रियों को अनावश्यक रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
रेलवे की इस आधुनिक व्यवस्था से गोरखपुर जंक्शन पर यात्रियों के लिए ट्रेन पकड़ना अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित होने की उम्मीद है।
