गाजीपुर
हेल्दी बेबी शो में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को मिला सम्मान
खानपुर में आयोजित हुई प्रतियोगिता
खानपुर/गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से शुक्रवार को खानपुर आंगनबाड़ी केंद्र पर हेल्दी बेबी शो प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों के स्वास्थ्य, वजन और शारीरिक विकास का मूल्यांकन किया गया। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के स्वस्थ विकास के प्रति जागरूक किया गया।
माताओं ने भी लिया उत्साह से हिस्सा
प्रतियोगिता में बच्चों के साथ उनकी माताओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रथम स्थान पर खिलौना और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं माताओं को पोषण सामग्री वितरित की गई, जिसमें पोषाहार, मौसमी फल और आयरन युक्त आहार शामिल रहा।

संतुलित आहार और स्वास्थ्य देखभाल पर जोर
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने माताओं को बच्चों के संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य देखभाल और शारीरिक विकास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। अधिकारियों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसके तहत बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
तीन बच्चों ने किया प्रतिभाग
हेल्दी बेबी शो में त्रिशा पुत्री हेमा, शादरकीन पुत्री दिलरुबा बेगम और माइकल पुत्री पूजा ने प्रतिभाग किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
अधिकारी और कार्यकर्तियां रहीं मौजूद
इस अवसर पर सीडीपीओ सुनीता सिंह, सुपरवाइजर अर्चना वर्मा, स्वाती सिंह, प्रति कुमारी सहित आठ आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में रामतेज पांडेय, भीम बिन्द, सत्यनारायण कुशवाहा और तेजू सिंह ने भी सहभागिता की।
