भदोही
साइबर ठगी के 19,121 रुपये पीड़िता के खाते में वापस कराए
दुर्गागंज साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई
भदोही/दुर्गागंज। साइबर ठगी की शिकार पीड़िता के खाते में दुर्गागंज साइबर हेल्प डेस्क ने 19,121 रुपये वापस करा दिए। पीड़िता ने धनराशि वापस मिलने पर भदोही पुलिस का आभार जताया।
फोन पे और गूगल पे से हुई थी ठगी
पुलिस के अनुसार, बीरापुर निवासी टिया गुप्ता के साथ फोन पे और गूगल पे के माध्यम से धोखाधड़ी हुई थी। पीड़िता ने इसकी शिकायत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर हेल्प डेस्क ने कार्रवाई शुरू की और ठगी की पूरी 19,121 रुपये की धनराशि खाते में वापस कराई।
टीम ने की त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर साइबर अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल विक्रम पटेल और रिजर्व कांस्टेबल राजकुमार शामिल रहे।
साइबर ठगी से बचने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ठगी होते ही तत्काल 1930 पर शिकायत करें। अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई एप डाउनलोड न करें और अज्ञात नंबर से भेजी गई लिंक पर क्लिक न करें। किसी अनजान व्यक्ति के पैसे मांगने पर पूरी जांच के बाद ही कोई कदम उठाएं। घर बैठे काम या शेयर कारोबार से जुड़े प्रस्तावों में भी पूरी जानकारी हासिल करने के बाद ही आगे बढ़ें।
