Connect with us

गोरखपुर

मेडिकल कॉलेज रोड की चौड़ाई जल्द होगी स्पष्ट

Published

on

Loading...
Loading...

असुरन से भटहट तक अलग-अलग हिस्सों में 30 से 60 मीटर प्रस्तावित चौड़ाई, जीडीए बोर्ड ने दी मंजूरी

गोरखपुर। मेडिकल कॉलेज रोड की चौड़ाई को लेकर लंबे समय से बनी असमंजस की स्थिति जल्द दूर होने की उम्मीद है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की महायोजना-2031 (पुनरीक्षित) में असुरन चौराहे से विकास क्षेत्र की सीमा, राजस्व ग्राम भटहट तक मार्ग की चौड़ाई स्पष्ट रूप से अंकित की जाएगी। इस प्रस्ताव को प्राधिकरण बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है।

प्रस्ताव के अनुसार असुरन चौराहे से खजांची चौराहे तक 3.35 किलोमीटर हिस्से में मार्ग की चौड़ाई 30 मीटर निर्धारित की जाएगी। खजांची से फर्टिलाइजर रोड तिराहे तक 2.64 किलोमीटर मार्ग 36 मीटर चौड़ा होगा। इसके आगे फर्टिलाइजर रोड तिराहे से मानीराम-जगदीशपुर बाईपास तक चौड़ाई 45 मीटर प्रस्तावित है। बाईपास से विकास क्षेत्र की सीमा यानी राजस्व ग्राम भटहट तक मार्ग की चौड़ाई 60 मीटर रखी जाएगी।

चौड़ाई स्पष्ट नहीं होने के कारण इस मार्ग पर जमीन लेने वाले कई लोग नक्शा पास कराने में परेशानी का सामना कर रहे थे। आवेदन करने पर मार्ग की चौड़ाई का हवाला देकर नक्शे निरस्त किए जा रहे थे। स्थानीय निवासियों और मानचित्र आवेदकों ने जीडीए में प्रार्थनापत्र देकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की थी।

जीडीए ने महायोजना-2031 के प्रावधानों के अनुसार आपत्तियों और प्रार्थनापत्रों की जांच की। प्रस्तावित चौड़ाई स्पष्ट होने के बाद मानचित्र स्वीकृति से जुड़ी दिक्कतें दूर होने की उम्मीद है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page