Connect with us

गाजीपुर

बंदरों के आतंक से व्यापारी परेशान, 70 वर्षीय महिला को काटकर किया घायल

Published

on

Loading...
Loading...

खानपुर (गाजीपुर)। क्षेत्र के अनौनी, मौधा, खानपुर, उचौरी, सिधौना और औड़िहार बाजारों में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों के झुंड दुकानों और घरों में घुसकर फल, सब्जी, बिस्कुट, नमकीन समेत अन्य सामान उठा ले जा रहे हैं। छतों पर उत्पात मचाने के साथ ही बंदरों के हमले से लोगों में भय बना हुआ है। रविवार को अनौनी बाजार में बंदर ने घर के दरवाजे पर काम कर रही 70 वर्षीय श्यामदेई पत्नी स्व. श्रीकांत को काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद व्यापारियों और ग्रामीणों में आक्रोश है।

व्यापारियों के अनुसार बंदर आए दिन दुकानों में घुसकर खाद्य सामग्री उठा ले जाते हैं। कई बार ग्राहकों पर झपट्टा मारने और सामान गिराने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बंदर छतों पर चढ़कर टाइल्स और पानी की टंकियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। खेतों और बागानों में भी फसलों को नुकसान हो रहा है। इससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बंदरों के आतंक की समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। रविवार को महिला के घायल होने के बाद व्यापारियों का आक्रोश और बढ़ गया। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बंदरों को पकड़ने की व्यवस्था नहीं की गई तो वे धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी प्रभारी ज्योति चौरसिया ने बताया कि जिन बाजारों में बंदरों की संख्या अधिक है, वहां के ग्राम प्रधानों को सूचना दे दी गई है। जल्द ही बंदरों को पकड़कर सुरक्षित तरीके से दूर जंगल क्षेत्र में छोड़े जाने की व्यवस्था की जाएगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page