वाराणसी
साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए छात्रों को किया जागरूक
काशी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में जागरूकता अभियान, अनजान लिंक और ओटीपी साझा न करने की दी सलाह
मिर्जामुराद (वाराणसी)। साइबर अपराध और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के लिए शुक्रवार को मिर्जामुराद स्थित काशी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी कैंपस में बजाज फाइनेंस लिमिटेड की ओर से साइबर फ्रॉड अवेयरनेस अभियान आयोजित किया गया। अभियान में सैकड़ों छात्रों एवं अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

अधिकारियों ने दी साइबर सुरक्षा की जानकारी
कार्यक्रम में डायरेक्टर ऑफ फार्मेसी डॉ. आशुतोष मिश्रा, डिप्टी डायरेक्टर ऑफ इंजीनियरिंग डॉ. एके यादव और डीन एकेडमी डॉ. डीएम श्रीवास्तव मौजूद रहे। बजाज फाइनेंस लिमिटेड की ओर से आरटी डीएसपी नागेंद्र सिंह, एरिया मैनेजर जय वर्मा और आरसीयू मैनेजर दीपक मिश्रा ने सहभागिता की।
ओटीपी और बैंक की जानकारी साझा न करने की अपील
साइबर पुलिस स्टेशन वाराणसी के साइबर अधिकारियों केके जी एवं विराट जी तथा मिर्जामुराद थाना साइबर सेल प्रभारी अविनाश सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन ठगी से बचाव और डिजिटल लेन-देन में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से सतर्क रहने की अपील की।
डिजिटल लेन-देन में सतर्कता का संदेश
अभियान के दौरान साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों और उनसे बचने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजकों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों को डिजिटल लेन-देन के प्रति सजग बनाना तथा समाज में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना है।
